मिर्जापुर में दिव्यांग भिक्षुक को दरोगा ने डंडों से पीटा, मारपीट का वीडियो वायरल।

मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर परिसर में एक दिव्यांग भिक्षुक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। घटना धाम के न्यू वीआईपी मार्ग पर मंदिर के गेट नंबर-2 के पास की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, न्यू वीआईपी गेट के पास एक दिव्यांग युवक दर्शनार्थियों से भिक्षा मांग रहा था। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और उसकी गतिविधियों से श्रद्धालु असहज हो रहे थे। इस पर मौजूद पुलिसकर्मी से शिकायत की गई।
शिकायत के बाद पुलिसकर्मी ने युवक को मार्ग से हटने को कहा, लेकिन वह नहीं माना और कहासुनी बढ़ गई।

https://x.com/i/status/2020894732759728498

इसी दौरान युवक ने पुलिसकर्मी की लाठी पकड़ ली, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने उसे फटकारते हुए लाठी का प्रयोग किया। यह पूरा घटनाक्रम किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में वायरल हो गया।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जांच कराई। शुरुआती तथ्यों में यह सामने आया है कि विवाद हटाने के प्रयास के दौरान बढ़ा और लाठी का इस्तेमाल हुआ, जिसे प्रथम दृष्टया अनुचित व्यवहार माना जा रहा है।

घटना के बाद पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए क्षेत्राधिकारी नगर को जिम्मेदारी सौंपी गई है और तय समय में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।