Fatehpur News : 83 पर सिमटी लखनऊ की टीम, हंक इलेवन भलिगवा ने उठाई आरपीएल की ट्रॉफी

अमौली/फतेहपुर।बुढ़वा आईटीआई ग्राउंड पर आयोजित रीजनल प्रीमियर लीग (आरपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद लो-स्कोरिंग लेकिन रोमांच से भरपूर इस मैच में हंक इलेवन भलिगवा ने बालाजी स्ट्राइकर्स लखनऊ को मात्र दो रन से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर हंक इलेवन भलिगवा ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई। पूरी टीम केवल 14.1 ओवर में 85 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। बालाजी स्ट्राइकर्स की ओर से कप्तान बाबी पंडित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बल्लेबाजों को चलता किया। अंकित शर्मा को दो विकेट मिले, जबकि सुमित सिंह, नूर खान और अक्षत ने एक-एक सफलता हासिल की।

लक्ष्य छोटा होने के बावजूद बालाजी स्ट्राइकर्स लखनऊ की टीम इसे हासिल करने में असफल रही। शुरुआती झटकों के बाद टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। जावेद खान ने 25 रन बनाकर संघर्ष किया, वहीं अक्षय (16 रन) और अंकित शर्मा (14 रन) ही कुछ देर टिक सके। अन्य बल्लेबाज हंक इलेवन की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए।

हंक इलेवन भलिगवा की ओर से आकाश सिंह ने तीन अहम विकेट झटके। लकी सिंह और विनय सिंह को दो-दो सफलताएं मिलीं। डब्बू पंडित और मनीष यादव ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो-दो मेडन ओवर डाले और एक-एक विकेट हासिल कर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया।

अंतिम ओवर में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, लेकिन बालाजी स्ट्राइकर्स की टीम 19.5 ओवर में 83 रन पर सिमट गई और दो रन से मुकाबला हार गई। इसी के साथ हंक इलेवन भलिगवा ने रीजनल प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।मैच के बाद आरपीएल आयोजन समिति ने ग्राउंड स्टाफ व स्वयंसेवकों को कैलेंडर और कंबल वितरित कर उनके योगदान की सराहना की।

फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट एसोसिएशन की चयनकर्ता अल्का सिंह, चेयरमैन आबिद हसन, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुश वर्मा, खागा विधानसभा प्रत्याशी नरेश कोरी, बृजेश पटेल उर्फ गब्बर सिंह, पूर्व शिक्षक विधायक लवकुश मिश्रा, आरपीएल अध्यक्ष पंडित सर्वेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व हजारों दर्शक मौजूद रहे।