अमौली/फतेहपुर।थाना चांदपुर क्षेत्र के रूरा गांव में महिला की शिकायत पर पुलिस ने कोटेदार के घर छापा मारकर दो संदिग्ध बाइक बरामद कीं। जांच के बाद एक बाइक महिला के पति की पुष्टि होने पर उसे महिला को सौंप दिया गया, जबकि दूसरी बाइक को पुलिस थाने ले जाकर जांच में लिया गया है।
रूरा गांव निवासी मीनू देवी पत्नी राममिलन ने थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बाइक चोरी हो गई है। उन्होंने 112 नंबर पर भी सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव के कोटेदार के घर से दो बाइक बरामद कीं।
जांच में एक बाइक महिला के पति की निकली, जिसे मौके पर ही महिला को सौंप दिया गया। वहीं दूसरी बाइक को संदिग्ध मानते हुए पुलिस थाने ले गई, जहां उसके स्वामित्व व अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर बाइक बरामद की गई है। मामले की जांच जारी है। शिकायतकर्ता और कोटेदार परिवार के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा है.!
























