उन्नाव: जनपद के सफीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पापरि स्थित राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आज अंतिम दिन रहा। कथा के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर कथा का श्रवण किया।
सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली और पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और सदाचार से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

इस धार्मिक आयोजन का आयोजन शीतल वर्मा द्वारा कराया गया। कथा वाचन पंडित रुचि शास्त्री, पंडित शुभांकित दीक्षित जी महाराज और पंडित शीला शास्त्री द्वारा किया गया।
कथा के अंतिम दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
























