Site icon Statemedia24

यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कहर से भीषण हादसा, 4 की मौत, 25 घायल, कई वाहन जलकर खाक

मथुरा, 16 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण मंगलवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हो गया। कम विजिबिलिटी के चलते 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं, जिससे कई वाहनों में भीषण आग लग गई।
इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, आगरा से नोएडा की ओर जा रहे वाहनों में पहले तीन कारें टकराईं, इसके बाद पीछे से आ रही सात बसें (जिनमें एक रोडवेज बस और छह प्राइवेट स्लीपर बसें शामिल हैं) एक-एक कर उनसे जा भिड़ीं। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई वाहनों में तुरंत आग लग गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।

चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर की आवाज बम धमाके जैसी थी। सोते हुए यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूदे। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। 11 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बचाव कार्य में पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीमें जुटी रहीं।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
Exit mobile version