दिवाकर कुशवाहा /आगरा: मां सती जशोदा देवी मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन को लेकर शुक्रवार को मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 19 दिसंबर 2025 को हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से पुरानी ट्रस्ट कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया। बैठक में मौजूदा अध्यक्ष प्रिंस कुशवाहा ने अपने पद से त्यागपत्र सौंपते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
समाज के वरिष्ठजनों, मंदिर के महंत और ट्रस्ट सदस्यों की उपस्थिति में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एवं अनुभवी नेतृत्वकर्ता उत्तम सिंह कुशवाहा को मां सती जशोदा देवी मंदिर ट्रस्ट का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं दीपक कुशवाहा को ट्रस्ट का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उत्तम सिंह कुशवाहा ने कहा कि मां सती जशोदा देवी मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनके कार्यकाल में मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार, पारदर्शी व्यवस्था और सामाजिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील भी की।
बैठक में मंदिर के महंत बाबा राकेश गिरि, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष प्रिंस कुशवाहा सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति और ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए मंदिर के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
























