मीडिया ओलम्पिक में उन्नाव के विकास सिंह ठाकुर ने जीते 2 स्वर्ण सहित 5 पदक, जिले का बढ़ाया मान

सफीपुर (उन्नाव)। राजधानी लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित मीडिया ओलम्पिक संघ के तीसरे संस्करण में उन्नाव जिले के सफीपुर कस्बा निवासी पत्रकार एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी विकास सिंह ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण सहित कुल 5 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

मीडिया के खिलाड़ियों को खेल प्रतियोगिताओं में अधिक भागीदारी के उद्देश्य से द इंडियन व्यू के तत्वावधान में आयोजित मीडिया ओलम्पिक के दूसरे दिन एथलेटिक्स सहित कई स्पर्धाएं हुईं। इनमें 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 1 किलोमीटर, 2 किलोमीटर दौड़, लंबी कूद, फुटबॉल शूटआउट, कैरम और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।

पब्लिक लाइव न्यूज़ चैनल के स्टेट हेड विकास सिंह ठाकुर ने उन्नाव जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए फुटबॉल शूटआउट और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। वहीं 200 मीटर दौड़ सहित अन्य स्पर्धाओं में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किए।

मीडिया ओलम्पिक में पदक जीतने की सूचना मिलते ही जिले के पत्रकार और खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विकास सिंह ठाकुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय सिंह, यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, द इंडियन व्यू के प्रधान संपादक राघवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।