सपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह में गरजे नरेश उत्तम, महंगाई के विरोध में बैलगाड़ी से पहुंचे नेता

फतेहपुर। अमौली कस्बे के एक गेस्ट हाउस में आयोजित समाजवादी पार्टी के ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राम मनोहर लोहिया और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। समारोह का आयोजन विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वर्मा द्वारा किया गया, जबकि संचालन गणेश वर्मा ने किया। इस दौरान पूर्व एमएलसी लवकुश मिश्रा समेत अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद नरेश उत्तम पटेल ने बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, बिजली दरों और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और सरकारी खरीद व्यवस्था में बिचौलियों का कब्जा है। हर घर नल-जल योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में सड़कें खोद दी गईं, लेकिन कई जगह योजनाएं अधूरी पड़ी हैं।

उन्होंने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर इससे बच रही है। डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी महंगाई से परेशान है।

बैलगाड़ी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में महंगाई के विरोध का अनोखा तरीका भी देखने को मिला। अंकित वर्मा, राजू यादव और रामतीरथ परमहंस पूर्व डीआईजी खागा बैलगाड़ी से मउदेव चौराहे से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। बैलगाड़ी से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

समारोह में कुश वर्मा, महेंद्र सिंह उर्फ बच्चा सिंह, दलजीत निषाद, नरेश उमराव, सर्वेश प्रधान, दीपमाला पटेल, सुनील उमराव एडवोकेट, डॉ. मान सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।