कानपुर। नौबस्ता क्षेत्र में बनकर तैयार 100 बेड के राजकीय अस्पताल का संचालन शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार को सपाइयों और क्षेत्रीय लोगों ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिदत्त नेमी को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नौबस्ता केशवपुरम में भाजपा कार्यालय के पास 100 बेड का राजकीय अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन लंबे समय से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। अस्पताल शुरू न होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।

सपा जिलासचिव “विष्णु कुशवाहा” ने कहा कि नौबस्ता और आसपास के घनी आबादी वाले इलाकों के लिए यह अस्पताल बेहद महत्वपूर्ण है। मौजूदा समय में सरकारी इलाज के लिए लोगों को 12 से 15 किलोमीटर दूर उर्सला, हैलट या कांशीराम अस्पताल जाना पड़ता है। भाजपा इसे भी चुनावी मुद्दा बना रही है।
आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को दूर अस्पताल ले जाना कई बार बड़ी चुनौती बन जाता है। खासकर आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी होता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पताल की स्थानीय सुविधा नहीं होने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे इलाज का खर्च भी बढ़ जाता है।
अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत।
लोगों का कहना है कि 100 बेड के राजकीय अस्पताल का संचालन शुरू होने से नौबस्ता समेत आसपास के कई इलाकों की बड़ी आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे मरीजों को दूर स्थित अस्पतालों की दौड़ से राहत मिलेगी और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल को जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
क्या बोले सीएमओ.?
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिदत्त नेमी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है कि अस्पताल में जैसे ही मैन पावर उपलब्ध हो जाता है वो इसे चालू कर देंगे। साथ ही कहा कि सारी मशीने आ चुकी है। शासन से भर्तियों की देरी है वो लगातार पत्राचार कर रहे है।



















