कानपुर नगर के थाना हनुमंत विहार पुलिस ने मोबाइल छीनकर फरार होने वाले 3 शातिर युवको को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त कानपुर नगर एवं उच्च अधिकारियों के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 मई 2026 को हनुमंत विहार थाने में मोबाइल छिनैती का मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद दिनांक 17 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दो अलग अलग मामलो मे 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से छीने गए फोन भी बरामद कर लिए है। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल छीनने की घटना स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। हनुमंत विहार पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमन पाण्डेय, कांस्टेबल रवि चौहान, कांस्टेबल उदय कुमार और कांस्टेबल बाबी सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


















