नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के निहाल विहार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत और दर्ज बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 69 के तहत FIR दर्ज की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि अक्टूबर 2024 में उन्नाव के अभिनव गौर से उसकी मुलाकात एक इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कंपनी में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पीड़िता के मुताबिक अगस्त 2025 में आरोपी उसके घर आया और जन्मदिन के दिन शादी का प्रस्ताव रखा। उसने शादी से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार शादी का वादा करता रहा और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके साथ लिव-इन में भी रहा। उसके परिवार के लोगों को दोनों के संबंधों की जानकारी थी। पीड़िता के अनुसार आरोपी कभी-कभी शराब पीकर उसके साथ मारपीट तक करता था। शिकायत के मुताबिक अप्रैल 2026 में पीड़िता को अपनी गर्भावस्था की जानकारी हुई। जिसके बाद ये बात अभिनव गौर को बताई तब उसने पीडिता को गर्भपात की गोली दे दी ,जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इतना सब करने के बाद वो मौके से फरार हो गया, पीड़िता ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
25 मई 2026 को पीड़िता थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। इससे पहले 13 मई 2026 को उसका बयान BNSS की धारा 183 के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने बयान और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 69 लगाई गई हैं। मामले की जांच निहाल विहार थाने की महिला उपनिरीक्षक मनीषा यादव को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले से संबंधित दस्तावेज और FIR वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजे जाने का उल्लेख रिकॉर्ड में है।
बताया जा रहा की FIR के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था लेकिन अब पीडिता का कहना है की जेल से बाहर आने के बाद अभिनव स्वयं और अपने साथियों से धमकिया दिलवाकर FIR वापस लेने का दबाव बना रहा है पीडिता का कहना है की आरोपी से उसकी जान को खतरा है।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप पीड़िता के पुलिस बयान और FIR में दर्ज तथ्यों पर आधारित हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।



















