Kanpur Dehat : रनिया में मारपीट और चाकूबाजी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने, तहरीर में गंभीर आरोप

कानपुर देहात | रनिया। रनिया क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी के मामले में अब दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक पक्ष की ओर से पहले ही कपिल और सूरज पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया था। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में कपिल, रोहित, गोलू समेत कई लोगों पर मारपीट, हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।


दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि शिकायतकर्ता कल्याणी पत्नी चन्द्रशेखर रनिया में किराये के मकान में रहती हैं और अपने जीवनयापन के लिए मसाले की रेहड़ी लगाती हैं। तहरीर के मुताबिक कुछ लोग उनकी दुकान पर आकर रुपये की मांग कर रहे थे, जिसका विरोध करने पर विवाद हुआ और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी गई।

तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि 12 अगस्त 2026 को करीब सुबह 11 बजे उनका पुत्र बाल कटवाने के लिए सैलून गया था। इसी दौरान वहां कपिल, गोलू, रोहित समेत कई लोग पहुंचे और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर चाकू से हमला किया गया और बचाव करते हुए पीड़ित पक्ष के लोग वहां से निकलकर घर पहुंचे। दूसरे पक्ष ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि बाद में कुछ लोग उनके घर पहुंचे और वहां भी मारपीट की गई। घटना में अंकित और सोनू के घायल होने की बात सामने आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

वहीं पहले पक्ष की ओर से भी कपिल और सूरज पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस तरह मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के गंभीर आरोप लगा रहे हैं तथा दोनों तरफ से लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।


फिलहाल रनिया पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।