सम्राट अशोक की प्रतिमा की मांग को लेकर उमड़ा कुशवाह समाज, SDM को सौंपा ज्ञापन

आगरा। जनपद की खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर भूपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में कुशवाह समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को तहसील पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम खेरागढ़ को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के किसी प्रमुख चौराहे पर सम्राट अशोक की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग उठाई।

आजाद समाज पार्टी कांशीराम के जिला उपाध्यक्ष एवं 92 विधानसभा खैरागढ़ से जुड़े भूपेंद्र कुशवाहा ने इस मांग को समाज की ऐतिहासिक पहचान और महापुरुषों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन शांति, मानवता और लोक कल्याण का संदेश देता है। खेरागढ़ में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं को भारतीय इतिहास और उनके विचारों से प्रेरणा मिलेगी।

भूपेंद्र कुशवाहा ने प्रशासन से प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान का निरीक्षण कराने और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज की यह मांग लंबे समय से चली आ रही है और इसे पूरा कराने के लिए समाज एकजुट होकर प्रयास करेगा।
ज्ञापन में प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग भी की गई।

इस दौरान कुशवाहा सेवा समिति के अध्यक्ष गुड्डू कुशवाहा, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सरपंच, शिवशंकर प्रधान, उत्तम सिंह कुशवाहा, नवल कुशवाहा, देवेंद्र, भारत, संतोष, टिंकू सहित कुशवाह समाज के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सम्राट अशोक के सम्मान में नारे लगाए और प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।