कानपुर। कचहरी के रजिस्ट्री गेट के पास टाइपिंग का काम कर रहे एक अधिवक्ता के साथ अन्य अधिवक्ताओ और उनके साथियो द्वारा मारपीट करने गाली-गलौज और चेंबर मे बंधक बनाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपियों ने अधिवक्ता के साथ साथ उनके बुजुर्ग माता-पिता को भी चेंबर में बैठाकर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है जिसके बाद कानपुर कोतवाली मे 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
5 नामजद अधिवक्ता समेत 16 पर मामला दर्ज।
पीड़ित अधिवक्ता “शशांक तिवारी” के अनुसार, घटना 19 अगस्त दोपहर की है। वह रजिस्ट्री गेट के पास टाइपिंग का काम कर रहे थे। तभी अधिवक्ता पंकज ठाकुर, रोहित सोनकर, आशीष पांडेय, अभिषेक शुक्ला उर्फ नवीन और अविनाश सिद्धार्थ अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए काम रोकने की धमकी दी और रुपयों की मांग की।
विरोध करने पर रोहित, पंकज और आशीष ने मारपीट करते हुए उनके जरूरी कागजात छीन लिए और धक्का देते हुए अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला के चेंबर में ले गए। वहां अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियो ने पीड़ित अधिवक्ता के बुजुर्ग माता-पिता को डरा धमकाकर चेंबर में बुलाया और पूरे परिवार को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। आरोपी अधिवक्ता और उनके साथियों ने पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया साथ ही अधिवक्ता आशीष पांडेय ने पीड़ित के पिता से पांच लाख रुपये देने की बात जबरन कबूल करवाते हुए अपने मोबाइल से वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।
शशांक तिवारी ने बताया कि किसी तरह माता-पिता के साथ चेंबर से बाहर निकलने पर आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने तथा रेप व एससी/एसटी एक्ट के झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
घटना मोबाइल मे कैद, खुलेगे राज।
पीड़ित अधिवक्ता ने शिकायत मे जिक्र किया है की उसने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन मे रिकॉर्ड किया है जिसे आरोपों की पुष्टि हो पायेगी और पुलिस को आगे की कार्यवाही करने मे आसानी होगी । मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर के जनसुनवाई प्रकोष्ठ में की गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















