कानपुर। आईआईटी IIT कानपुर से पढ़े और IndiGo के सह-संस्थापक राकेश गंगवाल ने संस्थान के मेडिकल मिशन को मजबूत करने के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मैचिंग ग्रांट देने का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद IIT कानपुर के लिए उनका कुल योगदान बढ़कर 400 करोड़ रुपये हो गया है।
राकेश गंगवाल ने इससे पहले वर्ष 2022 में IIT कानपुर को 100 करोड़ रुपये का सहयोग दिया था। अब अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये की सहायता से संस्थान में मेडिकल शिक्षा, रिसर्च और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
IIT कानपुर में बनेगा 500 बेड का अस्पताल
गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की योजना के तहत IIT कानपुर परिसर में 500 बेड का सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही 200 बेड का कैंसर केयर एवं रिसर्च सेंटर भी स्थापित करने की योजना है।
इन दोनों परियोजनाओं के जरिए IIT कानपुर मेडिकल शिक्षा और क्लिनिकल रिसर्च के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मेडिकल टेक्नोलॉजी और रिसर्च पर भी जोर दिया जाएगा।
डॉक्टर और इंजीनियर मिलकर करेंगे नई तकनीक पर काम।
इस पहल की खास बात यह होगी कि मेडिकल विशेषज्ञों, इंजीनियरों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाकर स्वास्थ्य क्षेत्र की नई चुनौतियों के समाधान पर काम किया जाएगा। मेडिकल टेक्नोलॉजी, कैंसर रिसर्च और भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी तकनीकों के विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।
IIT कानपुर में प्रस्तावित यह मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर न सिर्फ संस्थान की पहचान को नई ऊंचाई दे सकता है, बल्कि कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का बड़ा केंद्र बन सकता है।



















