पूर्व CJI पर जूता फेंकने वाले वकील राकेश किशोर की कड़कड़डूमा कोर्ट में पिटाई,वीडियो वायरल

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर जूता फेंककर सुर्खियों में आए वकील राकेश किशोर पर मंगलवार को दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में हमला हो गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं, जिनमें कुछ वकील उन्हें घेरकर चप्पलों से मारते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राकेश किशोर किसी केस के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे, तभी अचानक कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और कई लोगों ने उन्हें चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान कुछ लोगों के “सनातन धर्म की जय हो” के नारे लगाने की भी बात सामने आई है।

हमले के बाद राकेश किशोर ने दावा किया कि उन पर लगभग 150 लोगों ने हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पूरी तरह सुनियोजित थी और उनकी जान तक जा सकती थी। बाद में पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और घटना की जांच शुरू कर दी है।

यह हमला उस विवादित घटना के बाद हुआ है, जब 6 अक्टूबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान राकेश किशोर ने पूर्व CJI गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की थी। उस मामले में उन्हें हिरासत में भी लिया गया था और अदालत परिसर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

वर्तमान घटना के बाद अदालत परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। बार एसोसिएशन ने भी वीडियो सामने आने के बाद मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी।