रजत शर्मा,कानपुर : कानपुर में बढ़ती ठंड को देखते हुए पनकी स्थित नगर निगम रैन बसेरे का देर रात्रि औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पनकी एसीपी शिखर एवं पनकी थाना प्रभारी अपनी सहयोगी पुलिस टीम के साथ रैन बसेरे पहुंचे और वहां मौजूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान रैन बसेरे में ड्यूटी पर तैनात महिलाकर्मी सीमा पांडेय ने अधिकारियों को अवगत कराया कि यहां ठहरने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए पर्याप्त बेड, कंबल एवं अलाव जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ठंड से बचाव को लेकर विशेष अभियान जारी
गौरतलब है कि बीते दिनों उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नगर निगम द्वारा ठंड से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बेसहारा, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में निशुल्क आवास, कंबल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असहाय न रहे।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ठंड के इस मौसम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
























