सफीपुर उन्नाव । अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और सफीपुर क्षेत्र में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे अस्पतालों पर सख्त कदम उठाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार टीम के साथ सफीपुर स्थित अरूण हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां जांच के दौरान अस्पताल बिना वैध रजिस्ट्रेशन के संचालित पाया गया। मौके पर ही अस्पताल को बंद कराते हुए संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई। नोडल अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में बिना आवश्यक कागजात अस्पताल संचालित करते पाए जाने पर पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
इसी क्रम में सफीपुर क्षेत्र के एसी हॉस्पिटल (बांगरमऊ) एवं ह्यूमैनिटी हॉस्पिटल की भी जांच की गई। जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन, डॉक्टरों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक मानकों में गंभीर कमियां पाई गईं। संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में बिना कागजों के संचालित अस्पतालों पर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन है, वहां भी यदि प्रशिक्षित डॉक्टर व स्टाफ नहीं मिला तो रजिस्ट्रेशन निरस्त (कैंसिल) करने की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।