आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार को सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा, जनसभा एवं सम्राट अशोक की लाट के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब प्रस्तावित लोकार्पण नहीं हो सका,
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लाट का लोकार्पण करना था,लेकिन प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण अंतिम समय में कार्यक्रम रोक दिया गया और वे बिना उद्घाटन किए ही केवल राजनैतिक भाषण देकर वापस लौट गए।
जैसे ही यह सूचना कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों तक पहुंची, विशेषकर कुशवाहा समाज के युवाओं में नाराजगी फैल गई। आक्रोशित युवाओं ने आयोजकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और “राजेश कुशवाहा मुर्दाबाद” के नारे लगाए। कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा भी प्रभावित हुई।
यूपी के फतेहाबाद मे महान सम्राट अशोक की जयंती का कार्यक्रम महज राजनैतिक कार्यक्रम बनकर रह गया.!
उसपर भी दुखद ये रहा कि डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के बावजूद सम्राट अशोक की लाट का लोकार्पण नही हो सका क्योंकि जिलाधिकारी ने इसकी इजाजत नही दी थी.!
समझ नही आता कि जो नेता अपने ही… pic.twitter.com/IWG5aDcx4N
— Gaurav kushwaha Journalist (@upwalegaurav) April 13, 2026
हालांकि, मंच से अपने संबोधन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लोगों को आश्वस्त किया कि सम्राट अशोक की लाट लगाने का कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कारणों से कार्यक्रम में व्यवधान आया है, लेकिन यह कार्य रुकेगा नहीं और शीघ्र ही विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े आयोजन के लिए पहले से सभी आवश्यक अनुमतियां सुनिश्चित की जानी चाहिए थीं, ताकि इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।
इस घटनाक्रम के बाद आयोजन की तैयारियों और प्रशासन व आयोजकों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, आयोजकों की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही, लेकिन लोकार्पण न होने से आयोजन का मुख्य आकर्षण अधूरा रह गया।



















