5 घंटे में बरामद हुआ लाखों का सामान, कानपुर पुलिस के सुपरफास्ट एक्शन की हो रही चर्चा।

Oplus_131072

कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों ने तत्परता और मुस्तैदी की मिसाल पेश करते हुए गुम हुए कीमती बैग को महज पाँच घंटे के भीतर बरामद कर पीड़ित को सकुशल वापस सौंप दिया। बैग में एप्पल मैकबुक लैपटॉप समेत करीब 2 से 2.5 लाख रुपये कीमत का सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

जानकारी के मुताबिक, शिकोहाबाद के नगला किला निवासी सोनू पुत्र फूल सिंह का कीमती बैग जनता नगर चौकी क्षेत्र में कहीं गुम हो गया था। बैग में एप्पल मैकबुक, हार्ड डिस्क, पावर बैंक, ईयरबड्स सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके अलावा लैपटॉप में महत्वपूर्ण विभागीय डेटा भी सुरक्षित था।

बताया गया कि सोनू के पिता फूल सिंह आयुर्वेद विभाग, लखनऊ मंडल में जोनल हेड हैं। ऐसे में लैपटॉप में मौजूद विभागीय डेटा के कारण बैग की बरामदगी बेहद महत्वपूर्ण थी।

मामले की जानकारी मिलते ही जनता नगर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए महज पाँच घंटे में पूरा बैग सकुशल बरामद कर लिया और उसे पीड़ित के सुपुर्द कर दिया।

सामान और महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित वापस मिलने के बाद पीड़ित युवक ने जनता नगर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह एवं उनकी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कानपुर कमिश्नरेट पुलिस का आभार जताया।

पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर भी सराहना हो रही है।