यूपी,अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदैला गांव में मंगलवार शाम जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि हथियारों से लैस सात-आठ हमलावरों ने एक पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और घर पर बम भी फेंके। गोली लगने से राम लगन मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में उनकी मां भी छर्रे लगने से घायल हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, राम लगन मौर्य और राज सिंह के परिवार के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ। आरोप है कि राज सिंह अपने छह-सात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और राम लगन मौर्य पक्ष पर करीब छह-सात राउंड फायरिंग कर दी। इसी दौरान घर पर बम भी फेंके गए।
फायरिंग में राम लगन के सिर और शरीर में तीन गोलियां लगीं, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। वहीं उनकी मां भी छर्रे लगने से घायल हो गईं। हमलावरों के फरार होने के बाद ग्रामीण दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने राम लगन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी और पूराकलंदर थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक के चचेरे भाई सुधाकर मौर्य ने आरोप लगाया कि राज सिंह अपने साथियों के साथ आया और कई राउंड फायरिंग के साथ बम भी चलाए। उनका कहना है कि घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। सुधाकर के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले जमीन पर छप्पर रखने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट में सूर्यभान सिंह समेत तीन लोग घायल हुए थे। सूर्यभान की बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है और पूर्व में भी इस मामले में कार्रवाई की गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।



















