फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र में लापता युवक आदित्य की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसके ही मित्र ने रंजिश के चलते की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 मई को सरौली गांव निवासी आदित्य अपने दोस्तों के साथ बाइक से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सरौली गांव निवासी अंकित सिंह उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मृतक का पुराना परिचय था तथा दोनों साथ में नशा करते थे। पूर्व में हुए एक विवाद के कारण वह मृतक और उसके परिवार से रंजिश रखने लगा था। इसी के चलते उसने आदित्य को फोन कर बुलाया और यमुना नदी किनारे ले गया। वहां नहाने के दौरान उसने आदित्य को पानी में दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने मृतक के कपड़े और मोबाइल फोन को छिपाने का प्रयास किया, जिन्हें बाद में उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद दो नाबालिगों ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उन्हें किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।


















